Posts

पनीर भुर्जी : स्वादिष्ट, मसालेदार और झटपट बनने वाली वेजिटेरियन रेसिपी, पढ़ें आसान विधि...

Image
- राजश्री कासलीवाल पनीर भुर्जी यह वेजिटेरियन व्यंजन है। स्वादिष्ट, मसालेदार और झटपट बनने वाली पनीर की सब्जी है। इसको बनाना एकदम आसान है। आप भी अवश्‍य ट्राय कीजिए... सामग्री : 100 ग्राम पनीर , 2 टमाटर, 1 प्याज (बारीक कटा हुआ), 2 हरी मिर्च, अदरक पिसा हुआ, 2 कली लहसुन, सूखे मसाले- जीरा, लाल मिर्च, हल्दी, गरम मसाला, तलने के लिए तेल या घी, नमक स्वादानुसार। विधि : * सबसे पहले पनीर को कद्दूकस कर लें। * तेल अथवा घी गर्म करके जीरा, प्याज, हरी मिर्च, अदरक व लहसुन डाल दें। * गुलाबी होने तक भूनें, उसके बाद टमाटर डालकर उसका पानी सूखने तक चलाती रहें। * सूखा मसाला डालकर हिलाएं। * मसाले में पनीर डालकर हल्के हाथ से हिलाएं। अब आपकी पनीर भुर्जी तैयार है। 

श्रावण में अवश्य ट्राय करें चटपटा मोरधन डोसा, पढ़ें आसान विधि

Image
सामग्री :  200 ग्राम मोरधन, 1 चम्मच कालीमिर्च पावडर, 1 चम्मच सौंफ पावडर, बारीक कटा हुआ धनिया, हरी मिर्च, 1 चम्मच तेल, पाव कटोरी नारियल (कसा हुआ), सैंधा नमक स्वादानुसार, तेल (तलने के लिए)। विधि :  सबसे पहले मोरधन को साफ करें और धोकर थोड़ी देर (करीब आधा घंटा) पानी में गला दें। अब मिक्सी में पीस लें और घोल बनाएं। ‍तत्पश्चात हरी मिर्च, नमक, मिर्च, हरा धनिया, सौंफ पावडर घोल में डालें तथा अच्छीतरह फेंट लें। अब तवा गरम करके एक छोटा चम्मच तेल डालें और चम्मच से घोल डालकर फैलाएं। जब दोनों तरफ  कुरकुरा घो जाए तब ऊपर से नारियल का बूरा बुरकाकर गरमा-गरम फलाहारी मोरधन के चटपटे डोसे सर्व करें।  

रक्षाबंधन के पकवान : मीठे शकरपारे

Image
सामग्री :   500 ग्राम मैदा, 200 ग्राम रवा, 350 ग्राम शकर, घी (आधा कप गरम किया हुआ मोयन के लिए), चुटकी भर नमक, बेकिंग पावडर, तलने के लिए पर्याप्त घी।  विधि :  शकरपारे बनाने के लिए एक बर्तन में एक-दो घंटे पहले शकर को आधा गिलास पानी में गला दें ताकि शकर का पानी बन जाए। अब मैदा और रवा मिक्स करके घी का मोयन, चुटकी भर नमक, बेकिंग पावडर डालकर मिक्स कर लें तथा तैयार शकर के पानी से आटे को कड़ा गूंथ लें और थोड़ी देर कपड़े से ढंककर रख दें।  अब मैदे की मोटी लोई बनाकर थाली या बड़े पटिए पर मोटी बेल लें। चाकू या सांचे की सहायता से मनचाहे आकार में शकरपारे काट लें और कपड़े पर फैला दें। सारे शकरपारे बन जाने के बाद एक कड़ाही में घी गरम करके शकरपारे को गुलाबी कुरकुरे होने तक तल लें, फिर पेपर पर डालकर अतिरिक्त तेल अलग कर दें। ठंडे होने के बाद कुरकुरे मीठे शकरपारे को डिब्बे में भर कर रख दें और घर आए मेहमानों को खिलाएं।

श्रावण मास में बनाएं झटपट बनने वाला शाही बनाना हलवा, पढ़ें आसान विधि...

Image
सामग्री :  आधा दर्जन पके हुए केले, आधा गीला नारियल (कद्दूकस किसा हुआ), 50 ग्राम चीनी, 50 ग्राम मेवे की कतरन, आधा चम्मच इलायची पावडर, 2 चम्मच शुद्ध घी।  विधि :  सर्वप्रथम सभी केले को छील लें और गोल-गोल आकार में काट लें।  अब एक कड़ाही में घी गरम करें और केले, खोपरा बूरा एवं मेवा कतरन डाल दें।  अब हल्के हाथ से हिलाएं और 2-3 मिनट बाद चीनी डालें और अच्छीतरह मिक्स करके आंच बंद कर दें। ऊपर से इलायची पावडर बुरकाएं और अब गरमा-गरम शाही बनाना हलवा परोसें।

बारिश में मन को लुभाएं कैरी की खट्टी-मीठी चटनी...

Image
सामग्री :  1 मध्यम आकार का कच्चा आम (कैरी), आधा प्याला कद्दूकस नारियल, 1 चम्मच चीनी या थोड़ा-सा गुड़, आधा प्याला बारीक कटा हरा धनिया, नमक स्वादानुसार, 1 चम्मच तेल, 1 चम्मच चना दाल, पाव चम्मच मैथी दाना, पाव चम्मच जीरा, 2-3 सूखी लाल मिर्च, मीठा नीम, चुटकी भर हींग, छौंक के लिए 1 चम्मच तेल और राई। विधि :  सबसे पहले कड़ाही में तेल गरम कर चना दाल, मैथी और जीरा डालकर भून लें। लाल मिर्च, मीठा नीम, हींग और कद्दूकस किया हुआ कच्चा आम डालें और 3-4 मिनट तक नरम होने दें। ठंडा होने पर इसमें नारियल, गुड़ या शक्कर, हरा धनिया, हल्दी और नमक डालें।  पीसते समय जरूरत है तो थोड़ा-सा पानी डालें और बारीक पीस लें। तेल और राई का छौंक ऊपर डालें और रोटी-पूरी के साथ परोसें।

लौकी के पकौड़े बनाने की सरल विधि (देखें वीडियो)

Image
सामग्री :  लौकी (घीया) 250 ग्राम, सिंघाड़े का आटा 200 ग्राम, 1 चम्मच अदरक व 1 चम्मच हरीमिर्च का पेस्ट, नमक, जीरा, मिर्च स्वादानुसार, हरा धनिया, तलने के लिए तेल।  विधि :  सर्वप्रथम लौकी को छिलकर कद्दूकस कर लें।  अब इसमें सभी मसाले व सिंघाड़े का आटा मिला लें। एक कड़ाही में तेल गर्म करके छोटे-छोटे पकौड़े की तरह बनाकर तल लें। यह लौकी के पकौड़े खाने में बड़े स्वादिष्ट लगेंगे। यह एक झटपट तैयार किया जाने वाला फलाहारी व्यंजन है। इसे दही या हरी चटनी के साथ पेश करें।  

ऐसे बनाएं चटपटी मसाला कॉर्न कढ़ी, पढ़ें सरल विधि...

Image
सामग्री :  100 ग्राम दही, 3 भुट्टे, 1 टी स्पून अदरक-लहसुन-हरी मिर्च का पेस्ट, चुटकीभर हींग, मैथीदाना, राई, जीरा व करी पत्ता, स्वादानुसार नमक व चुटकीभर गरम मसाला या 2 लौंग। विधि :  सबसे पहले भुट्टे के दाने निकालकर मिक्सी में पीस लें। इसके पश्चात एक कड़ाही में तेल लेकर हींग, मैथीदाना, राई, जीरा व करी पत्ते का तड़का लगाएं। अब उसमें तैयार अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर फ्राय करें व पिसे हुए भुट्टे का पेस्ट डाल दें।  इसे तब तक पकने दें, जब तक कि कड़ाही तेल न छोड़ दे, अब इसमें फेंटा हुआ दही व आवश्यकतानुसार पानी डालकर दो-तीन उबाली आने तक पकाएं। ऊपर से हरा धनिया डालकर गरमा-गरम भुट्टा कढ़ी मक्का की रोटी के साथ पेश करें।